बारिश के दौरान रविवार को आवास विकास का खस्ताहाल ट्रांसफार्मर जल गया तो कई लाइनों के जंफर कट गए। इससे 28 हजार उपभोक्ताओं के घरों की आपूर्ति ठप है।
इंदिरानगर आवास विकास में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार सुबह तेज आवाज के साथ जल गया। वहीं पुलिस लाइन में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। आवास विकास के नागरिकों को पूरे दिन आपूर्ति नहीं मिली।
जिससे सैकड़ों लोग परेशान रहे। इस इलाके की आपूर्ति शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी। जोशियाना मोहल्ले में हाईटेंशन लाइन का जंफर कट गया। इससे करीब तीन हजार उपभोक्ताओं के घरों की आपूर्ति ठप हो गई।
सूचना पर अफसरों ने जला ट्रांसफार्मर बदलवाकर व फॉल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई। इस दौरान करीब पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
एसडीओ टाउन पीके सिंह का कहना है कि फॉल्ट ठीक करके आपूर्ति बहाल करा दी गई है। वहीं त्रिपुला ट्रांसमिशन से निकले खीरों फीडर में बदई का पुरवा गांव के पास जंफर कट गया। इससे खीरों और सेमरी उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई।
लाइन में फॉल्ट के कारण देवगांव, खीरों, सेमरी, महरानीगंज, पाहो, दुमटहर, भीतरगांव, अजीतपुर, दुकनहा समेत करीब 50 गांवों के 25 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति ठप रही।
खीरों उपकेंद्र के जेई शैलेंद्र मौर्या ने बताया कि कटे जंफर को जोड़ दिया गया है। रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।