तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के जनापुर मतदान केंद्र में सोमवार को मतदान के दौरान हुए बवाल के मामले में सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट और मोहनगंज थानेदार को दोषी पाए गए हैं।
जांच में पता चला है कि इन तीनों अधिकारियों ने घटना को रोकने के लिए न तो कोई कदम उठाया और न ही अपने दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से किया। डीएम अमेठी ने तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और निलंबन की कार्रवाई के लिए संस्तुति की है। फिलहाल एसपी अमेठी ने मोहनगंज थानेदार को लाइन हाजिर करते हुए नए एसओ की तैनाती कर दी है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
26 अप्रैल को जनापुर मतदान केंद्र के बूथ संख्या 74, 75 और 76 पर वोट पड़ रहे थे। इसी दौरान बवाल हो गया था। पोलिंग पार्टियों पर हमला किया गया और मतपेटी लूट ली गई थी।
मौके पर तैनात सब इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव ने 52 नामजद के साथ 250 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। डीएम अमेठी अरुण कुमार ने बताया कि जनापुर मतदान केंद्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान केंद्र चल रहा था।
शाम चार बजे मतदान कर्मियों पर हमला करने और मतपेटियां लूटने की घटना हुई। केंद्र पर तैनात जोनल मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट शाहमऊ शब्बीर अहमद खान और मोहनगंज थानेदार जावेद अहमद ने घटना को रोकने में कोई सहयोग नहीं किया।
न ही इन सभी ने अपने दायित्वों का सही तरह से निर्वहन किया। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उदासीनता बरतने एवं कार्यों में लापरवाही उजागर हुई है। इसलिए सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और विभागीय कार्रवाई करने के लिए चुनाव आयोग को संस्तुति की गई है।
उधर, एसपी अमेठी ने मोहनगंज थानेदार जावेद अहमद को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर जायस कोतवाल भरत उपाध्याय को मोहनगंज थाने की कमान सौंपी गई है।