लालगंज (रायबरेली)। लालगंज में ठगों का गिरोह सक्रिय है। बृहस्पतिवार शाम लिफ्ट देने के बहाने दो बुजुर्ग महिलाओं से जेवरात ठग लिए।
कल्याणपुर मजरे जगतपुर भिचकौरा निवासी अवधेश ने बताया कि उनकी मां परागा (74) और चाची कुसुमा (65) बृहस्पतिवार शाम रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन संस्कार से लौट रही थीं। एक युवक दोनों को दो सड़का मोड़ पर छोड़कर लौट गया। दोनों घर जाने के लिए साधन का इंतजार करने लगीं।
उसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। कार चालक ने महिलाओं से कहा कि वह उन्हें जगतपुर छोड़ देगें। इस पर दोनों कार में बैठ गईं। उदवामऊ भट्ठे के पास एक सुनसान जगह पर चालक ने महिलाओं से कहा कि आगे जांच हो सकती है, इसलिए अपने जेवर उतारकर पर्स में रख लें।
दोनों ने अपने मंगलसूत्र और झुमके उतारकर एक लिफाफे में रखा जिसे कार चालक ने ले लिया। कुछ दूरी पर चालक ने दोनों महिलाओं को लिफाफा पकड़ाकर उतार दिया और तेजी से भाग गया। घर पहुंचने पर जब महिलाओं ने लिफाफा खोला तो उसमें जेवर नहीं थे।
महिलाओं ने कार में सवार लोगों पर ठगी करने का संदेह जताया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।