रायबरेली। जिले में अब तक 1.49 लाख यूनिटों की ई केवाईसी नहीं कराई गई है। सभी को 31 दिसंबर तक अंतिम मौका दिया गया है। एक जनवरी से राशन कार्ड से यूनिटों को डिलीट करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
जिले में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय के 5,61,657 कार्डों में 21,75 लाख यूनिटें शामिल हैं। पिछले कई माह से यूनिटों की ई केवाईसी का काम चल रहा है, लेकिन अब तक करीब 20.25 यूनिटों की ही ई केवाईसी का काम पूरा हुआ है। तीन माह पहले बिना ई केवाईसी वाली यूनिटों के राशन को रोक दिया गया था।
कुछ लोगों ने ई केवाईसी करा दी, लेकिन 1.49 लाख से अधिक यूनिटों की ई केवाईसी का काम अब भी अधूरा है। ई केवाईसी न कराने वाली यूनिटों का राशन कोटे की दुकानों से नहीं दिया जा रहा है। जिले में तैनात आपूर्ति निरीक्षकों और कोटेदारों को 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत ई केवाईसी कराने के निर्देश दिए गए हैं। समय से काम न कराने पर यूनिटों को कार्ड से डिलीट कर दिया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने बताया कि जिले में तीन माह पहले 1.99 लाख से अधिक यूनिटों का राशन रोका गया था। राशन रुकने के बाद कुछ यूनिटों की ई केवाईसी कराई गई है। अब तक 1.49 लाख यूनिटों की ईकेवाईसी बाकी है।