रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से भरे गए पनीर, दूध, बरफी, खोवा व सरसों के तेल समेत आठ नमूने जांच में फेल आए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद खाद्य कारोबारियों को नोटिस दिया गया है। दो कारोबारियों पर एसीजेएम कोर्ट और छह खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ एडीएम प्रशासन कोर्ट में मुकदमा होगा।
अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। जांच में सेमरपहा लालगंज स्थित जय ढाबा, बिरनावां नसीराबाद निवासी मोनू पाल, देदौर निवासी अयोध्या प्रसाद, ब्रम्हनी फुरसतगंज निवासी राजेंद्र कुमार के पास से भरे गए दूध के नमूने अवमानक आए हैं।
इसके अलावा अलावलपुर स्थित कलकत्ता स्वीट्स की बरफी, बछरावां स्थित स्वाद ढाबा की पनीर भी अवमानक मिली है। सतांव क्षेत्र के कोरिहर स्थित प्रमोद कुमार की दुकान से लिए गए सरसों तेल में बटर यलो कलर मिला है। तेल को असुरक्षित घोषित किया गया है। शहर के पीएसी के सामने संचालित विनय टी स्टाल का खोवा भी जांच में असुरक्षित घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद सभी खाद्य कारोबारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कारोबारियों के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।