रायबरेली। जिले में लंबे समय से खस्ताहाल नौ सड़कों का जल्द कायाकल्प होगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इन सड़कों का निर्माण करीब आठ करोड़ रुपये से कराएगा। इससे लगभग 20 हजार लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कई जगह काम भी शुरू करा दिया है।
चिह्नित सड़कों में कुछ आठ तो कुछ 10 साल से बदहाल हैं। इन पर चलना ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। अक्सर लोग सड़क पर गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। बारिश में गांवों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण लंबे समय से सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे थे।
हरचंदपुर के कठवारा, सरेनी कस्बा और सदर तहसील के अजरहा गांव के रामउजेर, रतीभान, मदन कुमार और विपित साहू ने बताया कि सड़कों के बनने से आवागमन आसान होगा।ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन सुजीत कुमार राय ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कई जगह निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।