डीह (रायबरेली)। सलोन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सूची में तैनात प्रधानाध्यापक और शिक्षक शनिवार को देरी से स्कूल आए। इससे विद्यालय का ताला समय से नहीं खुला। इस वजह से बच्चों को सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। स्कूल का ताला खुलने पर बच्चे अंदर गए।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सूची में शिक्षक अक्सर देरी से स्कूल आते हैं, जिससे बच्चों को बाहर खड़े रहकर उनका इंतजार करना पड़ता है। शनिवार को भी कुछ ऐसा हुआ। बच्चे तो समय से सुबह आठ बजे ही स्कूल पहुंच गए, लेकिन ताला न खुलने के कारण वे अंदर नहीं जा सके।
छात्र बाहर खड़े रहकर शिक्षकों के आने और ताला खुलने का इंतजार करते रहे। सुबह 9.10 बजे पहुंची एक शिक्षिका ने स्कूल का ताला खोला तो बच्चे अंदर गए। हालांकि तब तक कुछ बच्चे दीवार और गेट फांदकर विद्यालय में दाखिल हो चुके थे।
बच्चों के स्कूल के बाहर खड़े रहने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। गांव निवासी योगेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने बताया कि समय से स्कूल नहीं खुला। कुछ बच्चे दीवार फांदकर अंदर गए तो ज्यादातर बच्चे बाहर खड़े रहकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे। खंड शिक्षा अधिकारी सुधा का कहना है कि इस बारे में पता कराया जाएगा। अगर अध्यापक देर से आ रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।