रायबरेली। खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में एक विद्यालय बंद मिला तो जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में एक इंचार्ज हेडमास्टर हाजिरी दर्ज करने के बाद स्कूल से चला गया। दोनों मामलों में शिक्षकों की लापरवाही उजागर होने पर निरीक्षण दिवस का वेतन बाधित करने का आदेश दिया गया। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
डलमऊ के खंड शिक्षा अधिकारी वीएन प्रजापति ने बीएसए को भेजी अपनी आख्या में बताया कि उन्होंने 5 फरवरी को प्राथमिक विद्यालय डकौली का निरीक्षण किया तो स्कूल बंद पाया गया। प्रधानाध्यापिका जयश्री वर्मा से बात की तो बताया कि वह बीआरसी पर प्रस्तावित बैठक में उपस्थित होने के लिए गई थीं। प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति में विद्यालय खोलने का दायित्व सहायक अध्यापक सुनील कुमार और शिक्षामित्र लाल बाबू का है। बीईओ की आख्या पर बीएसए ने निरीक्षण दिवस का वेतन एवं मानदेय बाधित कर दिया।
बीएसए ने मंगलवार को डलमऊ विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कंधरपुर का निरीक्षण किया, जहां इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार हस्ताक्षर करके कहीं चले गए। वह उपस्थित नहीं मिले। बीएसए ने कहा कि प्रमोद कुमार का यह कृत्य विभागीय नियमों के विपरीत है। इसलिए उनका निरीक्षण दिवस का वेतन बाधित कर दिया गया है। बीएसए ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। उन्होंने कहा है कि संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।