उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत टटोली। 32 साल बाद शुरू हुए एएनएम प्रशिक्षण संस्थान के किचन में लगे आरओ से चुल्लू से पानी पीकर गुणवत्ता की जांच की। छात्राओं के खाने-पीने के संबंध में सीएमओ से पूछताछ भी की। जिला महिला अस्पताल की पैथोलॉजी में करीब 20 मिनट तक विभिन्न जांचों के बारे में जानकारी ली। रजिस्टर चेक किए। सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी से जांचों के बारे में पूछा।
उन्होंने सीएमओ से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करके उनका इलाज किया जाए। मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करने का तरीका गलत है। इस तरह की शिकायतें कतई नहीं आनी चाहिए। बचत भवन में विकास कार्यों व अपराध की समीक्षा करने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सबसे पहले सीएमओ कार्यालय स्थित एएनएम प्रशिक्षण संस्थान पहुंचे। यह संस्थान इसी महीने शुरू कराया गया है। परिसर में घूमने के बाद डिप्टी सीएम किचन में पहुंचे। आरओ के पानी की गुणवत्ता को जांचने के लिए उन्होंने चुल्लू से पानी पिया।
डिप्टी सीएम ने सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह से छात्राओं के भोजन आदि के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि शासन से छात्राओं के खाने-पीने की व्यवस्था नहीं है। किचन, बर्तन आदि की व्यवस्था कर दी गई है। छात्राओं को स्वयं ही अपना भोजन तैयार करना है। डिप्टी सीएम ने क्लास रूम पहुंचकर छात्राओं को अच्छे से पढ़ाई करने की सलाह दी। डिप्टी सीएम पांच मंजिला जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां भूतल पर पैथोलॉजी में पहुंचकर इमरजेंसी जांचों के बारे में जानकारी ली। रजिस्टर को चेक किया तो गुरुवार को 34 मरीजों की जांच मिली। सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी से कोरोना जांच के बारे में जानकारी ली।
सीएमएस ने बताया कि भर्ती होने वाले मरीजों की कोरोना की जांच कराई जाती है। गुरुवार को एक भी संक्रमित नहीं मिला है। व्यवस्था दुरुस्त मिलने पर वह अस्पताल में स्थापित वार्डों व अन्य सेवाओं की जांच करने के लिए नहीं गए।
नाम बताओ, फर्जी अस्पताल करवा देंगे बंद
डिप्टी सीएम से जिले में फर्जी व अवैध अस्पताल संचालित होने की शिकायत की गई। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पतालों के बारे में नाम बताओ, अवैध निजी अस्पतालों को बंद कराया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
सीएमओ को डॉक्टर व दवाओं की व्यवस्था का अल्टीमेटम
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सीएमओ को अस्पतालों की व्यवस्था दुरुस्त कराने के आदेश दिए। कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति के साथ ही सभी 289 दवाओं की व्यवस्था कराई जाए। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करें।