रायबरेली में कोचिंग जा रही छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत किया। आरोपी चालक को हिरासत में लिया है।
यूपी के रायबरेली में बृहस्पतिवार शाम को कोचिंग जाते समय 15 वर्षीय छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने डंपर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।
विज्ञापन
हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कानपुर रोड पर धनाभाद गांव के निकट रुद्र रिसोर्ट के पास हुआ। सातनपुर निवासी पायल त्रिवेदी (16) पुत्री सेन त्रिवेदी अपनी सहेली रुकैया बानो पुत्री शकील के साथ अलग-अलग साइकिलों पर कोचिंग जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर ने पायल की साइकिल को जोरदार टक्कर मारी दी। इससे वह डंपर के पहियों के नीचे आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं रुकैया बानो सड़क किनारे गिरने से बाल-बाल बच गई।
ग्रामीणों ने चालक और परिचालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा। लेकिन, ग्रामीणों ने पीछा करके करीब चार किमी दूर गंगा एक्सप्रेसवे के पास उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान डंपर सड़क किनारे कई जगहों पर टिन शेड भी गिराता चला गया और खड्ड में पलट गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चालक और परिचालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उधर घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने परिजनों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चालक व परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कक्षा नौ की छात्रा थी पायल
पायल, सतनेश्वर पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। उसकी मौत से गांव में मातम पसर गया। मां रानी, भाई शिवम और नानी आशा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि बचपन में ही पायल के पिता की भी एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी।