रायबरेली में सोमवार को फायर स्टेशन के सामने एक दवा के गोदाम में छापा मारी के दौरान मिली दवाओं को देखते औषधि सुरक्षा अधिकारी व पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शहर कोतवाली क्षेत्र के फायर बिग्रेड के सामने एक आवास में सोमवार को औषधि सुरक्षा अधिकारी व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। मकान के एक कमरे में लाखों कीमत की दवाएं अवैध रूप से रखी मिलीं। टीम ने दवाओं को कब्जे में लेकर गोदाम को सील कर दिया है।
एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पकड़ी गईं दवाएं सैंपल की बताई जा रही हैं। हालांकि मामले में केस की तैयारी शुरू हो गई है। औषधि सुरक्षा अधिकारी सुमित वर्मा व सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज विजय नारायण शुक्ला ने मुखबिर की सूचना पर ओनई कोठी स्थित उर्मिला सिंह के आवास संख्या 1396 में सोमवार को छापा मारा।
तलाशी लेने पर एक कमरे का ताला खोलवाया गया तो उसमें लाखों की दवाएं रखी मिलीं। दवाओं को रखने के संबंध में किसी भी प्रकार का लाइसेंस नहीं लिया गया था। टीम ने दवाओं को कब्जे में ले लिया। दवाओं को कोतवाली ले जाया गया है।
गोदाम को सील करके एक युवक को हिरासत में लिया गया है। औषधि सुरक्षा अधिकारी सुमित वर्मा ने बताया कि सारी दवाएं फिजीशियन सैंपल की हैं। अवैध रूप से उन्हें रखा गया था। सीजर तैयार किया जा रहा है। मामले में मुकदमा किया जाएगा।