इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के अहोरवा भवानी अस्पताल के पीछे बाग में जीवन रक्षक दवाएं फेंक दी गई हैं। बुधवार को एंबुलेंस कर्मी इन दवाओं को फेंकते देखे गए।
मीडिया कर्मियों के पहुंचने पर एंबुलेंस कर्मी फेंकी गई दवाओं को फिर समेट ले गए। सीएमओ अमेठी ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
गांवों में लोगों को निशुल्क उपचार मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सचल एंबुलेंस चलाई जा रही है। बुधवार को करीब साढ़े चार बजे सचल एंबुलेंस के स्वास्थ्यकर्मी बोरियों और गत्ते में भरकर जीवनरक्षक दवाएं लेकर अहोरवा भवानी स्थित पुराने अस्पताल के पीछे बाग में पहुंचे और दवाइयों को फेंक दिया।
मीडियाकर्मियों के पहुंचते ही कर्मचारी दवाओं को समेटने में जुट गए। इस संबंध में अमेठी सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी लेकर मामले की जांच करवाने के साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।