रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पखरौली ग्राम स्थित गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं से भरी बस सोमवार को अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। हादसे में चार बच्चे और बस चालक घायल हो गए।
गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज की बस सोमवार सुबह लगभग 7 बजे 30 बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। डलमऊ कस्बे में ऊंचाहार मार्ग पर स्थित पेट्रोल टंकी के पास खड़े ट्रक में स्कूली बस भिड़ गई।
हादसे से बस का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगने से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला।
हादसे में बस पर सवार फतेहपुर जिले के देवनार निवासी राकेश कुमार की छह वर्षीय पुत्री राधा, हुसैनगंज निवासी छात्र दुर्गेश (5), सलमान (8), रिंकी (14) और बस चालक अमन चंद्र घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और विद्यालय स्टाफ भी पहुंच गया। घायल बच्चों और चालक को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। कोतवाली प्रभारी श्रीराम ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।
अगर कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। चालक अमन चंद्र ने बताया कि अचानक स्टेयरिंग फेल हो जाने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
उधर, विद्यालय प्रबंधक रामलाल मौर्य का कहना है कि घायल बच्चों के इलाज में पूरी मदद की गई। बस का स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ है। अगर चालक की कोई गलती मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
उधर लालगंज आझारा डिपो की बस सुबह 45 यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। सलोन कस्बे में जगतपुर तिराहे के पास निमिषा कॉन्वेंट स्कूल से बच्चों को लेने के लिए जा रही खाली बस से रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों बसों के शीशे चकनाचूर हो गए। रोडवेज बस चालक अजय मिश्रा पुत्र सूर्य नारायण मिश्रा निवासी देवा सराय लीलापुर थाना लालगंज आझारा बस के अंदर ही फंस गया।
यात्रियों की चीखपुकार पर आसपास के लोग दौड़े। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुँची। सलोन कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि बस पर 45 सवारियां बैठी थीं।
सभी सवारियों को सकुशल निकाल कर उन्हें दूसरे वाहन से भेजा गया। बस चालक का पैर की हड्डी टूट गई है। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।