बछरावां में इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण करती डीएम सरनीत कौर ब्रोका व अन्य। -संवाद
बछरावां। कस्बा स्थित ग्रामीण इंडोर स्टेडियम के सुंदरीकरण के लिए शासन को भेजे गए प्रस्ताव के बाद बृहस्पतिवार को डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय सत्यापन भी किया। डीएम ने स्टेडियम के सौंदर्यीकरण के साथ ही खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित किए जाने पर जोर देते हुए कहा कि शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद स्टेडियम में आवश्यक कार्य कराकर इसे सुसज्जित किया जाए ताकि खिलाड़ियों को इसका पूरा फायदा मिल सके। इस मौके पर एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अधिशासी अधिकारी रामाशीष, लेखपाल संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।