सई नदी में गिरे चीनी से लदे ट्रक की तलाश करते गोताखोर।
परशदेपुर। सई नदी में चीनी लदे ट्रक के गिरने के बाद रविवार को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से ट्रक को खोज लिया। नदी का जलस्तर अधिक होने और समुचित संसाधन उपलब्ध न होने के कारण ट्रक को बाहर नहीं निकाला जा सका।
डीह थाना क्षेत्र की परशदेपुर चौकी के केशवापुर गांव के पास शनिवार भोर चीनी लदा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए सई नदी में गिर गया था। ट्रक नदी में समा गया था। हादसे में चालक अंकित कुमार ने किसी तरह ट्रक से कूदकर जान बचाई थी।
रविवार को पुलिस ने ट्रक की तलाश के लिए प्रतापगढ़ से प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम आई। आठ सदस्यीय टीम ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। करीब 25 फीट गहरे पानी में ट्रक मिल गया, लेकिन उसे निकाला नहीं जा सका। मौके पर भीड़ जुटी रही। सीओ यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चीनी बेचकर ट्रक नदी में पलटाने की आशंका
प्रयागराज के फूलपुर निवासी चीनी व्यापारी संदीप कुमार ने बताया कि ट्रक 30 सितंबर को लखीमपुर चीनी मिल से 500 बोरी चीनी लादकर निकला था। अगले दिन चालक अंकित से फोन पर बात हुई तो उसने ट्रक में खराबी आने की जानकारी दी थी। ठीक कराने के बाद आगे जाने की बात कही थी।
निर्धारित समय पर ट्रक फूलपुर नहीं पहुंचा तो व्यापारी ने चालक को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। बाद में ट्रक के नदी में गिरने की जानकारी हुई। व्यापारी ने आशंका जताई कि चीनी बेचने के बाद ट्रक को नदी में गिरा दिया गया है।