तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को चुनावी रंजिश में प्रधान पद के समर्थकों की धुनाई कर दी। शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
रामनगर निवासी हरि प्रसाद व अमरजीत सिंह सुबह बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। पूरे बहेलिया मजरे रामनगर के पास कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, उनकी पिटाई कर दी।
शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। हरि प्रसाद व अमरजीत सिंह को चोटें आई। दोनों का कहना है कि चुनावी रंजिश में उन पर हमला बोला गया। थानेदार भरत उपाध्याय का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई होगी।
चुनावी रंजिश में मारपीट, सात लोग घायल
तिलोई। ग्राम पंचायत अंहुरी के प्रधान दावेदार वीरभान सिंह और संतोष कुमार सिंह के बीच चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों से लाठियां चलने लगी। इसमें दोनों तरफ से सात लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। थानेदार भरत उपाध्याय का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।