इंटरलॉकिंग मार्ग बनवाने को लेकर हुई थी मारपीट।
- फोटो : RAIBARAILY
बछरावां (रायबरेली)। बछरावां थाने की बाउंड्रीवाल से जुड़े मोहल्ले में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार सुबह दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते ईट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। थाने से बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सभासद सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बछरावां कस्बे के दक्षिण बाजार मोहल्ले में नगर पंचायत की ओर से दो लाख 99 हजार 900 की लागत से विष्णु जायसवाल की दुकान से लेकर वीरेंद्र सोनी के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह मोहल्ले के लोगों की सभासद विनोद सोनी से इंटरलॉकिंग सड़क को घरों के लेवल से ऊपर बनाए जाने को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए।
मारपीट में एक पक्ष से सभासद विनोद सोनी, विक्की, प्रकाश सोनी, विराट सोनी, आजाद सोनी, वीरेंद्र सोनी को चोटें आई, जबकि दूसरी ओर से अनिल कुमार, आशीष कुमार, अरुण कुमार घायल हो गए।
थाने के पीछे ही हुई इस घटना में चीखपुकार मचते ही आननफानन कस्बा प्रभारी राजीव सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी का इलाज हुआ।
थानेदार राकेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजीत बागी ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर मारपीट हुई है। निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।