रायबरेली। करीब दो माह से पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच चल रही तकरार का खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। बोर्ड की बैठक न हो पाने से शहर में होने वाले विकास कार्यों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। न तो वार्डों में नई सड़क बन पा रही है न ही पुरानी सड़कों की मरम्मत। बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गतिरोध के चलते बोर्ड की बैठक बीते छह माह से टाली जा रही है। नगर पालिका परिषद रायबरेली के तहत आने वाले 34 वार्डों की ढाई लाख की आबादी को इससे परेशानी उठाना पड़ रही है।
पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर के काम काज को लेकर बरती जा रही अनियमितता के विरोध में 34 में से 22 सभासद एकजुट होकर उन्हें हटाने की कवायद में जुटे हैं। मंगलवार को भी सभासदों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर पालिकाध्यक्ष पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। खींचतान के चलते वार्डों में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
ज्यादातर मोहल्लों में सड़कें खस्ताहाल हैं, जिसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब अप्रैल से नया वित्तीय शुरू हो जाएगा। इसके पहले बोर्ड की बैठक होनी जरूरी है, ताकि बिना खर्च रह गए बजट से जुड़े विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को अनुमति मिल सके। इसके बावजूद बोर्ड की बैठक नहीं हो पा रही है। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जल्दी ही बोर्ड की बैठक भी बुलाई जाएगी।
जनता परेशान, पालिकाध्यक्ष-ईओ बेपरवाह
प्रकाश नगर, निराला नगर, एसजेएस स्कूल के पीछे, चहअहमदपुर नजूल, नया पुरवा मोहल्ले में विकास कार्य बंद पड़े हैं। सड़क , सीवर, सफाई, प्रकाश व्यवस्था के कार्य न होने के कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है। पालिकाध्यक्ष और ईओ आम लोगों से जुड़ी समस्याओं पर भी कोई ध्यान नहीं देते हैं। इसी लिए जानबूझकर बोर्ड की बैठक नहीं कराई जा रही है।
सतीश कुमार मिश्र, सभासद
महानंदपुर की सड़क खस्ताहाल है। दो साल से इसकी मरम्मत कराने की मांग की जा रही है। पालिकाध्यक्ष की तरफ से इसे बनवाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। इससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी उठाना पड़ रही है। अब भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई जा रही है।
पुष्पा यादव, सभासद
23 माह नहीं हुए कोई कार्य
अमर नगर में बीते 23 माह से विकास से जुड़े कोई कार्य नहीं हुए हैं। बदहाल सड़कों से लोग घायल हो रहे हैं। नाली न बनने के कारण सडक़ों पर जलभराव रहता है। वहीं पालिकाध्यक्ष की ओर से धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
पंकज साहू, सभासद
शहर क्षेत्र के सभी 34 वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कहीं पर कोई भी काम बाधित नहीं हुआ है। नए कार्यों को कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया कराई जा रही है। बोर्ड की बैठक कराने का अधिकार पालिकाध्यक्ष के पास ही निहित है।
स्वर्ण सिंह, अधिशासी अधिकारी