डलमऊ कस्बा में अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान हंगामा करते व्यापारी।
डलमऊ। मुराईबाग कस्बे में लालगंज रोड पर दुकानें लगाने को लेकर रविवार को व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। दो गुटों में बंटे व्यापारियों के बीच जमकर कहासुनी हुई। एक गुट ने दुकानें हटाने का विरोध करते हुए हंगामा किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और व्यापारियों के बीच भी नोकझोंक हुई। करीब आधे घंटे तक चले विरोध के चलते मौके पर पहुंची तहसील की टीम को लौटना पड़ा।
दूसरे गुट के व्यापारियों ने लालगंज रोड पर बाजार लगने से हादसे होने और जाम लगने की समस्या उठाते हुए निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगवाने की मांग की। मुराईबाग कस्बे में करीब एक साल पहले लालगंज रोड पर बाजार लगती थी। सड़क पर भीड़ और आए दिन होने वाले हादसों के कारण बाजार को तहसील रोड पर लगवाया जाने लगा था। रविवार सुबह कुछ दुकानदारों ने निर्धारित स्थान के बजाय लालगंज रोड पर दुकानें लगा लीं। इस पर अन्य व्यापारियों ने एसडीएम डलमऊ प्रीती सिंह से शिकायत की।
एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। टीम के पहुंचते ही एक गुट के व्यापारी दुकानें हटाने का विरोध करने लगे। उनकी मांग थी कि बाजार लालगंज रोड पर ही लगाई जाए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और व्यापारियों की पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद नोकझोंक होने लगी। किसी तरह मामला शांत कराया गया। विरोध बढ़ने पर नायब तहसीलदार टीम के साथ वापस लौट गए।
दूसरे गुट के व्यापारी वीरेंद्र कुमार शुक्ला, श्याम गुप्ता, दीपक कुमार, नौशाद अली, विजय कुमार और दुर्गाशंकर का कहना है कि लालगंज रोड पर बाजार लगने से आए दिन सड़क हादसे होते हैं। इससे लोगों की जान तक चली जाती है और जाम की समस्या भी बनी रहती है। इन्हीं समस्याओं के चलते बाजार को तहसील रोड पर स्थानांतरित किया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर दुकानदार फिर से लालगंज रोड पर दुकानें लगाने लगे हैं, जो उचित नहीं है। एसडीएम प्रीती सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। बाजार तहसील रोड पर ही लगाई जाएगी।
डलमऊ कस्बा में अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान हंगामा करते व्यापारी।