रायबरेली। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के रेलवे स्टेशन पर संचालित अलग टिकट काउंटर पर स्टाफ की तैनाती न होने से जरूरतमंदों को परेशानी उठाना पड़ रही है। दिव्यांग टिकट बूथ पर कर्मचारी न होने से काउंटर पर पहुंचने के बाद दिव्यांग यात्रियों को टिकट के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है।
दिव्यांग यात्रियों को सुविधा देने पर रेलवे खासतौर से जोर दे रहा है। शहर का रेलवे स्टेशन अमृत भारत योजना में चयनित है, जिसके तहत यात्री सुविधा से जुड़े काफी काम कराए जा रहे हैं। इसके तहत ही दिव्यांगों को टिकट लेने में कोई असुविधा न हो, इसीलिए अलग काउंटर की व्यवस्था कराई गई है। यहां स्टाफ की कमी के कारण आरक्षण के लिए बमुश्किल दो काउंटर ही चल पाते हैं। इससे दिव्यांग टिकट बूथ पर नियमित कर्मचारी की तैनाती संभव नहीं है। ऐसे में दिव्यांग यात्रियों को टिकट बनवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला ने बताया कि कर्मचारियों के बढ़ते ही दिव्यांग बूथ पर अलग स्टाफ तैनात किया जाएगा।