महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कोरोना के भय से लोग शव को छोड़कर काफी दूर चले गए। रात भर शव खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा। सुबह ग्रामीणों के समझाने पर परिवारीजनों ने गांव में ही अंतिम संस्कार किया। घर वालों ने बताया कि बुखार के साथ सांस लेने में समस्या होने के चलते मौत हुई है।
गांधीनगर मोहल्ले में मंगलवार को राधेलाल का पुत्र इंद्रजीत उर्फ बबलू (45) को दो, तीन दिन पहले खांसी के साथ बुखार का प्रकोप हुआ। उसने एक प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराया।
सोमवार की शाम हालत बिगड़ते देख चिकित्सकों ने उसे किसी अच्छे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिवारीजन कहीं नहीं ले गए। मंगलवार को अचानक दोपहर में उसे सांस लेने में दिक्कत हुई। थोड़ी ही देर में उसने अपने घर पर ही दम तोड़ दिया।
उसकी मौत से परिवार में रोना पीटना मच गया, लेकिन लोग इस कदर आशंकित हो गए कि मौत के पहले सारे लक्षण कोरोना के होने का अंदेशा जताते हुए लोगों ने शव से दूरी बना ली। रात भर लाश अकेले पड़ी रही। सुबह कुछ मोहल्ले वालों के समझाने बुझाने पर परिजन माने और उसे हनुमानगढ़ी के पीछे पारंपरिक शवदाह स्थल पर अंतिम संस्कार कर दिया है।