शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली स्पेशल ट्रेन की समय सारिणी बिगड़ गई है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली से धनबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन का इंजन फेल हो गया, जिससे यह ट्रेन रास्ते में खड़ी हो गई। रायबरेली स्टेशन पर आधे घंटे विलंब से पहुंची यह ट्रेन कुछ देर ठहराव के बाद रवाना हुई, लेकिन अगले स्टेशन रूपामऊ से अमेठी जिले के फुरसतगंज स्टेशन के बीच इंजन फेल होने के कारण रुक गई। करीब सवा दो घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। प्रतापगढ़ से दूसरा इंजन मंगाया गया तो ट्रेन रवाना हुई।
यात्रियों को राहत देने के लिए चली स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी से नियमित ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है, जिससे ट्रेनें विलंब से पहुंची। बृहस्पतिवार को दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल डेढ़ घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस सवा घंटे, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस एक घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस पौन घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल, धनबाद-नई दिल्ली स्पेशल आधे घंटे विलंब से आई।
बुधवार की रात धनबाद-नई दिल्ली स्पेशल ढाई घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे देर से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि धनबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन का इंजन फेल हो गया। प्रतापगढ़ से दूसरा इंजन आने के बाद ट्रेन रवाना की गई, जिससे ट्रेन दो घंटे से ज्यादा खड़ी रही। अन्य ट्रेनें पहले से ही लेट होने के कारण देर से आई हैं।