ऊंचाहार के गोकनाघाट में मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान करते श्रद्धालु।
रायबरेली। मौनी अमावस्या पर रविवार को ऊंचाहार के गोकना, डलमऊ व गेगासों गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयघोष के साथ स्नान किया। स्नान के बाद मां गंगा की पूजा अर्चना कर तीर्थ पुरोहितों को दान देकर परिवार के कल्याण की कामना की।
ऊंचाहार, रोहनिया, सलोन, डीह, छतोह, जगतपुर, दीनशाह गौरा व राही ब्लाकों से बाइक, ई रिक्शा व कार से श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे और गंगा स्नान किया। मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के सचिव जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। उनके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।
सनातन धर्मपीठ बड़ा मठ डलमऊ के महामंडलेश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि ने बताया कि मौनी अमावस्या पर पवित्र नदियों में स्नान के बाद तिल, तिल के लड्डू, कंबल का दान करने से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इस दिन मौन रहकर स्नान दान करने का विशेष महत्व है। इस अवसर पर स्वामी दिव्यानन्द गिरि, स्वामी रामचैतन्य गिरि, सुशील शास्त्री, सुधाकर व आचार्य उमाकांत मिश्र मौजूद रहे।