ऊंचाहार। क्षेत्र पंचायत की बैठक में सोमवार को विपक्ष के क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने बैठक को अवैध करार दिया। काफी तनातनी के बीच क्षेत्र की 54 ग्राम पंचायतों में दो करोड़ की लागत नाली, खड़ंजा, इंटरलाकिंग, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विकास कार्य होंगे, जबकि 1300 करोड़ रुपये से मनेरगा के कार्य कराए जाएगें।
सोमवार को ब्लाॅक सभागार में ब्लॉक प्रमुख सत्यभामा मौर्या की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान बीडीसी सदस्य मनीष कौशल व उनके भाई अभिलाष चंद्र कौशल ने बैठक विधि विरुद्ध होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनके साथी बीडीसी सदस्यों ने भी बैठक का विरोध किया और बैठक निरस्त करने की मांग की।
बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानों व बीडीसी सदस्यों ने अपने गांवों में विकास कार्य के लिए प्रस्ताव दिए। इसमें कोटरा बहादुरगंज के बीडीसी शिवसागर मौर्य ने गांव में इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, तीन सोलर लाइटें व चार हैंडपंप, कंदरावां द्वितीय की ममता सोनकर ने 400 मी खड़ंजा, पांच सोलर लाइटों व मनरेगा योजना से इंटरलॉकिंग लगवाने की मांग की। वहीं ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष व ऊंचाहार देहात ग्राम प्रधान धनराज यादव ने लगभग 1500 मी इंटरलॉकिंग व ग्राम पंचायत में पांच सोलर पंप लगवाने का प्रस्ताव दिया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बीएन मौर्य, रामफेर, आकाश यादव, विजय पाल, गुडन, आरके मौजूद रहे। बीडीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बैठक का कोरम पूरा रहा। बैठक में दो करोड़ क्षेत्र पंचायत निधि व 1300 करोड़ के मनरेगा योजना के तहत प्रस्ताव आए हैं। विपक्ष ने बैठक का विरोध किया था लेकिन हंगामा होने की बात निराधार है।
इनसेट
ब्लॉक प्रमुख के भतीजे व भाजपा नेता के भाई में हुई तनातनी
फोटो संख्या-18
ऊंचाहार। बैठक के बाद ब्लॉक परिसर में उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, जब ब्लॉक प्रमुख के भतीजे अंकित मौर्या व भाजपा के अवध क्षेत्र पिछड़ा वर्ग के मंत्री अभिलाष चंद्र कौशल के भाई बीडीसी सदस्य मनीष कौशल आमने सामने आ गए। दोनों पक्ष एक दूसरे से गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर अमादा हो गए। इस पर वहां मौजूद सिपाहियों ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव किया। घटना से नाराज भाजपा नेता ने साथियों के साथ मिलकर ब्लॉक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मनीष कौशल ने कोतवाली में तहरीर देकर अंकित मौर्य पर जानलेवा हमला करने की नियति से रिवाल्वर तानने का आरोप लगाया है। वहीं अंकित मौर्य ने भाजपा नेता व उनके भाई पर बीडीसी सदस्यों को गेट पर रोकने व उनपर व उनके साथी बीडीसी सदस्य पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।