रायबरेली। शहर में बने तीन केंद्रों में सोमवार को डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हुईं। पहले दिन दो पालियों में हुई परीक्षा में प्रथम सेमेस्टर के अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षाएं 23 सितंबर तक चलेंगी। इसके बाद 24 से 26 सितंबर तक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होंगी। तीनों केंद्रों में परीक्षा की शुचिता को कायम रखने के लिए प्रशासन ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात करने के साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की गई है।
शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज और वैदिक इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में पहले दिन पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बाल विकास प्रश्नपत्र और दूसरी पाली में दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक शिक्षण अधिगम के सिद्धांत प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। पहली पाली में 750 अभ्यर्थियों में 715 उपस्थित और 35 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 484 अभ्यर्थियों में से 456 ने उपस्थिति दर्ज कराई और 28 गैरहाजिर रहे।
डायट के परीक्षा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि दूसरे एवं तीसरे दिन तीन-तीन पालियों में सुबह 10 से 11 बजे तक, दोपहर 11:30 बजे से 12:30 बजे तक और 2 बजे से 4 बजे तक परीक्षा होगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 सितंबर को पूरी हो जाएंगी। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 24, 25 एवं 26 सितंबर को होगी। तीनों दिन आठ प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें पहले दिन दो पालियों और दूसरे व तीसरे दिन तीन-तीन पालियों में परीक्षा कराई जाएगी।