रायबरेली। शहर में बनाए गए तीन केंद्रों पर डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा दूसरे दिन शुक्रवार को तीन पालियों में कराई गई। सभी केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) से नामित पर्यवेक्षकों ने भी निगरानी की। शनिवार को परीक्षा के अंतिम दिन भी तीन पालियों में इम्तेहान होगा।
शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज और वैदिक इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीएलएड तृतीय सेमेस्टर के अभ्यर्थियों ने पहले दिन दो पालियों में परीक्षा दी थी। दूसरे दिन तीन पालियों में परीक्षा हुई। पहली पाली में सुबह 10 से 11 बजे तक तृतीय प्रश्नपत्र विज्ञान, दूसरी पाली में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चतुर्थ प्रश्नपत्र गणित और तीसरी पाली में दोपहर दो से शाम चार बजे तक पंचम प्रश्नपत्र सामाजिक अध्ययन की परीक्षा हुई।
डायट के परीक्षा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि पहली पाली में 781 अभ्यर्थियों में से 774 उपस्थित और सात अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 854 अभ्यर्थियों में से 842 उपस्थित और 12 अनुपस्थित रहे। तीसरी पाली में 784 अभ्यर्थियों में से 777 उपस्थित और सात अनुपस्थित रहे।
डायट प्राचार्य दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि तीसरे और अंतिम दिन 26 सितंबर को तीन पालियों में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा होगी। इसमें छठवें, सातवें एवं आठवें प्रश्नपत्र की परीक्षा कराई जाएगी।