रायबरेली में चुनावी जनसभा में बोलते सचिन पायलट
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि कर्जमाफी के नाम पर भाजपा चुनाव जीतना चाहती है। किसान उनके बहकावे में न आएं। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां पर किसानों का कर्जा क्यों माफ नहीं किया गया।
वे तिलोई विधानसभा क्षेत्र के शाहमऊ कस्बा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सचिन पायलट ने कहा कि देश का सबसे बड़ा प्रदेश उत्तर प्रदेश है। आप सबको सोच समझकर निर्णय लेना है। भाजपा सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन आज तक अच्छे दिन नहीं आए।
गांधी परिवार का प्रदेश और अमेठी जिले से काफी लगाव है। आज जो विकास यहां पर हुआ है, वह कांग्रेस की देन है। इस बार प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव मुख्यमंत्री यादव बनेंगे। वर्ष 2019 में सांसद राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नोट बंदी करके देश की जनता को परेशान करने का काम किया है। उन्होंने वादा किया था कि विदेश सेकालाधन लाएंगे, लेकिन आज तक वादा पूरा नहीं कर पाए।
अब चुनाव आया है तो किसानों के कर्ज माफ करने का दावा कर रहे हैं। जिन प्रदेश में भाजपा की सरकार है, वहां पर किसान कर्ज से डूबा है। इनके झूठे वादे पर मत जाइए। इस मौके पर हाजी इम्तियाज, लाल प्रसाद सिंह, सुनीता सिंह आदि मौजूद रहे।