ऊंचाहार थाना क्षेत्र में रविवार को बेकाबू ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवती की मौत हो गई, जबकि युवक समेत दो लोग घायल हो गए। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के टाही मजरे गंगश्री निवासी मेवालाल ने अपनी बेटी मनीषा (22) की शादी प्रतापगढ़ जिले के लोकइयापुर गांव निवासी नवल किशोर से तय की थी।
इधर कई दिनों से मनीषा बीमार थी। मनीषा को देखने नवल किशोर गांव आया था। नवल किशोर सुबह मनीषा और उसकी छोटी बहन महिमा को साथ लेकर उमरन बाजार डांक्टर के पास इलाज कराने गया हुआ था। इसके बाद तीनों घर जा रहे थे।
सुमेरबाग गांव के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे तीनों नीचे गिर गए। मनीषा ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं नवल किशोर व महिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। सीओ एसपी उपाध्याय का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। परशदेपुर प्रतिनिधि के अनुसार नसीराबाद थाना क्षेत्र के मठिया मजरे बेढ़ौना निवासी रामगोपाल उसकी पत्नी माधुरी अपने दो बच्चे नितिन (सात) व सुमित (5) के साथ एक बाइक से रिश्तेदारी निमंत्रण में जा रहे थे।
छतोह मोड़ के पास पिकअप नेबाइक में टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दंपती व उसके बच्चे घायल हो गए। नसीराबाद एसओ शिवशंकर गुप्ता ने अपनी गाड़ी से घायलों को सीएचसी नसीराबाद पहुचाया, जहां दंपती व उसके बच्चों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रिफर कर दिया।
थानेदार ने बताया कि चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। तहरीर मिलने पर मुकदमा लिखा जाएगा।निमंत्रण से घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बाइक चालक हेलमेट पहने हुआ था। कोतवाली क्षेत्र के लोनार मजरे दौतरा निवासी पृथ्वीपाल (45), रामकुमार (35), सुग्रीव (35) शनिवार रात अहमदगंज मजरे सलेथू निमंत्रण में गया था। रात में लौटते समय चंदापुर रोड पर पहरावां पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। सभी को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात बारातियों से भरी बेकाबू कार खड्ड में पलट गई। इससे उस पर सवार सात लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब सभी बारात में शामिल होने के बाद बाराबंकी जिले जा रहे थे। सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
रात में यूपी 41 एल 8955 कार बाराबंकी जिले की तरफ जा रही थी। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ रोड पर गुमावां चौकी के पास सामने से दूसरा वाहन आ गया। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में कार पलटकर खड्ड में जा गिरी।
सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस पहुंची और कार पर सवार बारातियों को बाहर निकाला। यूपी 100 के जिला प्रभारी शैलेंद्र त्रिपाठी के मुताबिक हादसे में अजीत सिंह, राहुल सिंह, बृजेश सिंह, सुजीत सिंह, शैलेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह और राज नारायण सिंह निवासी नीमापुर थाना सतरिख जिला बाराबंकी घायल हुए हैं।