रायबरेली। कोरोना कहर थम नहीं रहा है। रविवार को बाराबंकी जिले के रहने वाले एक मरीज की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस लाइंस के प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) का गाड़ी चालक और एसडीएम के पेशकार समेत 29 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित पाए गए कुछ मरीजों को अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है तो कुछ को होम क्वारंटीन कराया गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि रायबरेली-बाराबंकी जिले के बार्डर पर बाराबंकी के हैदरगढ़ के रहने वाले 68 वर्षीय बुजुर्ग को जिला अस्पताल रायबरेली में इलाज के लिए लाया गया था। यहां पर सैंपलिंग में बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिला था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइंस के आरआई का गाड़ी चालक और एसडीएम सदर के पेशकार भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा अमावां क्षेत्र के बतला, खीरों क्षेत्र के बकुलिहा, सलोन के नयागंज, शहर के गल्ला मंडी समेत अन्य स्थानों पर अन्य लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रविवार को 29 लोग संक्रमित मिले हैं। सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक भोजपुर कस्बे में एक मरीज के कोरोना संक्रमित मिलने पर कस्बे को सील कर दिया गया। रविवार को आई रिपोर्ट में एक मरीज की कोरोना से मौत हुई है।
अमेठी के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र के चिचौली गांव में पिता-पुत्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है। सिंहपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि पिता-पुत्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित के पारिवारिक सदस्यों की भी कोरोना जांच कराई जा रही हैं। सूचना पर राजस्व कानूनगो महेश श्रीवास्तव ने गांव पहुँचकर सेनिटाइजेशन कराया और बैरीकेटिंग कराकर गांव को सील करा दिया।
अमेठी जिले के बहादुरपुर विकासखंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत बहादुरपुर के बहादुरपुर चौराहे में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट मिलने पर उपजिलाधिकारी तिलोई सुनील कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर क्षेत्रीय कानूनगो रामशंकर पांडेय ने पॉजीटिव मरीज के पूरे परिवार को होम क्वारंटीन कराया। एसडीएम का कहना है कि लोग कोरोना को देखते हुए सतर्कता बरतें। घर से बिना मास्क पहने न निकले।