परशदेपुर (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में मामा के साथ अपनी बहन के घर के लिए निकले दुकानदार का शव मिला है। दुकानदार एक सप्ताह पहले बहन के घर गया था, लेकिन लौटकर नहीं आया।
परिवारीजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद घर वालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव पांच दिन पुराना बताया जा रहा है।
सलोन थाना क्षेत्र के पूरे बेचू मजरे उमरन निवासी लाल जी (42) ठेलिया लगाकर अंडे और पान पुड़िया की दुकान चलाते थे। 23 जून को घर से अपनी बहन के यहां जाने के लिए मामा इंद्रपाल के साथ निकला।
बहन के यहां से वापस लौटकर मामा इंद्रपाल को सुंदरगंज चौराहे पर उतारकर घर के लिए निकला। घर न पहुंचने पर भाई सुखलाल ने 24 जून को डीह थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी।
मंगलवार को उसका शव नसीराबाद थाना क्षेत्र के सलोन-जायस रोड पर हौदहा तालाब के पास सड़क के किनारे खाई में क्षतिग्रस्त बाइक के साथ बरामद हुआ। सूचना पर नसीराबाद एसओ राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर शव की शिनाख्त करवाई।
खबर मिलते ही डीह एसओ पवन प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दुकानदार की मौत से पत्नी सुनीता, बेटों रोहित, रंजीत, बेटी आसमा का रो-रोकर हाल बेहाल है। नसीराबाद एसओ राजकुमार पांडेय ने बताया की शव पांच दिन पुराना लग रहा है। मृतक की बाइक क्षतिगतस्त है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है।