लालगंज (रायबरेली)। बेहटा चौराहा स्थित आइसक्रीम फैक्टरी के पास झाड़ियों में मंगलवार को एक नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। कंकाल पर पड़ी टी-शर्ट से युवक की शिनाख्त की जा सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आइसक्रीम फैक्टरी के बगल में उगी झाड़ियों के बीच कई दिन पुराना नर कंकाल पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। बकरी चराने गए युवकों ने जब वहां पर कंकाल देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस थाने में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर उसकी शिनाख्त कराई। पुलिस ने बताया कि धन्नीपुर गांव निवासी रोहित सिंह उर्फ भुंदल (20) पुत्र कल्लू सिंह की कोतवाली में तीन अगस्त को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
बताया कि वह 23 जुलाई को घर से निकला लेकिन लौटा नहीं। परिवारीजनों ने कंकाल पर पड़ी टीशर्ट और जींस से उसकी शिनाख्त की है। कंकाल के पास से ही सल्फास की शीशी भी बरामद हुई।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रोहित वाहन चालक था। चार भाइयों सूरज, राहुल व पारस में वह दूसरे नंबर पर था।