जायस कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार पिता-बेटे को कुचल दिया। इसमें गंभीर रूप से घायल बेेटे की मौत हो गई। पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जायस में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जायस कोतवाली क्षेत्र के मौलवी खुर्द निवासी इंद्रजीत किसानी करता है। सोमवार को इंद्रजीत अपने बेटे सनी (13) के साथ किसी काम के सिलसिले में नसीराबाद गया था। रात में इंद्रजीत अपने बेटे के साथ साइकिल से घर जा रहा था।
जायस कस्बे से पहले लोहिया पुल के पास रायबरेली की तरफ जा रही डीसीएम ने दोनों को चपेट में लेते हुए कुचल दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने गंभीर रूप से घायल सनी को रायबरेली जिला अस्पताल और इंद्रजीत को सीएसची पहुंचाया।
जिला अस्पताल रायबरेली में डॉक्टर ने सनी को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल दीपेंद्र सिंह का कहना है कि हादसे के बाद चालक डीसीएम समेत फरार हो गया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।