रायबरेली के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किए गए बच्चों के साथ एडीजी रेनुका मिश्रा, ड
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। लखनऊ रोड स्थित एक होटल में आयोजित बालिका सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में प्रदेश की अपर पुलिस महानिदेशक रेणुका मिश्रा ने कहा कि छात्राएं अच्छे सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए आगे बढ़ें। यह जरूर ध्यान रखें कि सपने सोते हुए देखें, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए जागें और अपने सपने व लक्ष्यों को अंजाम देकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि अभिभावक बालिकाओं के सपनों को पूरा करने में आगे आएं और जरूरत के समय उनके साथ खड़े हों।
बालिकाओं का आह्वान करते हुए एडीजी रेणुका मिश्रा ने कहा कि यदि महिलाएं सशक्त हैं तो हमारा घर-परिवार, देश, समाज सशक्त व सुरक्षित है। उन्होंने
महिला सशक्तिकरण पर एक कहानी का दृष्टांग व छात्राओं द्वारा तैयार की गई पोस्टर में लिखी भाषा को पढ़कर सुनाया कि महिलाओं को सशक्तिकरण के लिए स्वयं ही आगे बढ़ना होगा। कोई भी देश तरक्की के शिखर पर तब तक नही पहुंच सकता जब तक उसकी महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर न चलें।
डीएम नेहा शर्मा व एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 01 से 31 जुलाई तक मनाए जाने वाले बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला स्तरीय समिति, थानेवार गठित टीमें बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं और उनको योजनाओं व सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इस मौके पर बालिकाओं द्वारा महिला सशक्तिकरण पर लघु नाटिका व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई।
एडीजी रेणुका मिश्रा, डीएम नेहा शर्मा व एसपी सुनील कुमार सिंह ने विभिन्न विद्यालयों व संस्थाओं की बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बालिकाओं द्वारा बनाई गई रंगोली व स्काउट के बच्चों की भी प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में सीडीओ राकेश कुमार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक शशी शेखर सिंह, सीओं गोपी नाथ सोनी आदि मौजूद रहे।