रायबरेली। विधि विश्लेषक प्रयोगशाला की जांच में महराजगंज के स्वास्तिक मिनरल वाटर प्लांट के बोतलबंद जलज ब्रांड पानी में सेहत के लिए खतरनाक तत्व मिले हैं। पानी में कोलीफॉर्म जीवाणु मिले हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पानी में मैग्नीशियम व कैल्श्यिम की मात्रा भी क्षमता से बहुत कम मिली है। रिपोर्ट के बाद आरओ प्लांट के संचालक को नोटिस दिया गया है।
पिछले मई माह में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बछरावां रोड महराजगंज स्थित स्वास्तिक मिनरल वाटर प्लांट से जलज ब्रांड पैकेज्ड पानी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। जांच में पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। यह जीवाणु (बैक्टीरिया) गंदे स्थानों पर ही मिलता है। जांच में पानी को अवमानक और असुरक्षित घोषित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरओ प्लांट के संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी का मतलब है कि पानी दूषित है। इस पानी पीने वाले व्यक्ति को पेट में संक्रमण, दस्त, उल्टी, टाइफाइड, हैजा, पीलिया (हेपेटाइटिस ए व ई) जैसे गंभीर रोग हो सकते हैं।
अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि जलज ब्रांड पानी का नमूना जांच में अवमानक मिला है। प्लांट के संचालक को नोटिस दिया गया है।