लालगंज (रायबरेली)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाने में तैनात एक टेक्नीशियन के खाते से हैकरों ने दस हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित कर्मचारी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
एमसीएफ में तैनात कर्मचारी अंबरीश पांडे ने बताया कि उसके एसबीआई खाते से सर्विस के चार्ज के रूप में कुछ रुपये काटे गए थे। जिसकी जानकारी लेने के लिए उसने एसबीआई की हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। बताया कि इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आने लगी।
उधर, कस्टमर केयर ने उसे आ रही कॉल को रिसीव करने की बात कही। कॉल के रिसीव करने पर उसे एक एप डाउनलोड कर उसके जरिये डिटेल साझा करने को कहा।
बताया कि डाउनलोड किए गए ऐप में जैसे ही उसने डिटेल डाली थोड़ी देर बाद उसके खाते से 10,075 रुपये कट गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर सेल के जरिए पुलिस से की है।