नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे बस्ती मजरे लहंगा गांव में सोमवार की शाम हमलावरों ने तीन युवकों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। यही नहीं उनकी बाइकों को आग के हवाले कर दिया।
फिल्मी अंदाज में हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। भारी संख्या में आसपास के लोगों ने पहुंचकर युवकों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। घायलों को सीएचसी नसीराबाद में भर्ती कराया गया है।
भूमि विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जायस कोतवाली क्षेत्र के मुखतिया निवासी दीपक अपनी शादी के बाद ससुराल पूरे बस्ती मजरे लहंगा गांव में रहता है। दोपहर बाद उसका भाई बबलू, चचेरा भाई विनोद और ओदारी गांव का सूरज उससे मिलने गांव आए हुए थे।
दीपक का गांव के ही ठाकुर प्रसाद से भूमि विवाद चल रहा है। दीपक कहीं चला गया। इसी दौरान ठाकुर प्रसाद समेत अन्य लोगों ने उसके घर पर हमला बोल दिया। गांव आए तीन युवकों की लाठी-डंडे से पिटाई करना शुरू कर दिया।
वह भागते तो उन्हें घेर लेते और पीटते। यह सिलसिला काफी देर तक चला। हमलावरों ने इतना पीटा कि तीनों लहूलुहान हो गए। युवकों की तीनों बाइकों को फूंक दिया गया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया।
थानेदार लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि दिलीप ने ठाकुर प्रसाद, सरवन, दयाराम, श्रीराम, जसवंत और 35 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जमीन विवाद के चलते घटना हुई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।