नसीराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक गल्ला व्यापारी से लूट का प्रयास किया गया। विरोध करने पर पांच बदमाशों ने डंडे से वार करके उसका सिर फोड़ दिया। आसपास के लोग पहुंचे तो बदमाश भाग गए। घायल व्यापारी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बभनपुर गांव निवासी फूलचंद्र गल्ला व्यापारी है। वह गुरुवार को मेंहदीगंज बाजार गया था और रात में साइकिल से घर लौट रहा था। पूरे राजा गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उस पर धावा बोल दिया। फूलचंद्र ने विरोध किया तो बदमाशों ने डंडे से वार करके उसका सिर फोड़ दिया।
यह देख आगे चल रहे दूसरे व्यापारी नेग्रामीणों को घटना की जानकारी दे दी। ग्रामीण पहुंचे तो बदमाश वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल फूलचंद्र को सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गल्ला व्यापारी के साथ लूट की घटना के प्रयास से इलाकाई लोगों में दहशत है। साथ ही उनका कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते आए दिन क्षेत्र में वारदातें हो रही हैं। थानेदार लक्ष्मीकांत मिश्रा का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द बदमाशों को पकड़ा जाएगा।