युवती की मौत पर शुक्रवार को परिवारीजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। युवती का शव रखकर लोगों ने रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही रायबरेली और अमेठी जिले के प्रशासनिक-पुलिस अफसर व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
परिवारीजनों का कहना है कि गांव का एक युवक बेटी को भगाकर ले गया था। उसने बेटी की हत्या करके शव को फेंक दिया। सभी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस अफसरों और मौनी बाबा के समझाने-बुझाने पर परिवारीजन शांत हुए। वहीं मामला बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
रायबरेली और अमेठी जिले की सीमा पर मेमोरी मजरे बघेल गांव पड़ता है। रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह गांव आता है, जबकि ब्लॉक बहादुरपुर जिला अमेठी लगता है। गांव की रहने वाली निर्मला उर्फ सोनाली को 16 मई को गांव का ही रिजवान भगा ले गया था।
गुरुवार को बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव के पास रेल ट्रैक पर सोनाली का शव पाया गया था। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पीएम के लिए भेजा था। शुक्रवार की सुबह घटना से खफा परिवारीजनों व ग्रामीणों ने बहादुरपुर चौराहा पर सोनाली का शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। पिता कैलाश समेत अन्य परिवारीजनों का कहना था कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
बवाल की सूचना मिलने पर अमेठी जिले के एडीएम वित्त एवं राजस्व एसएन यादव, एएसपी राहुल राज, सीओ तिलोई हौसिला प्रसाद, एसडीएम अशोक शुक्ला और रायबरेली जिले के सलोन सीओ चरनजीत सिंह के अलावा कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
अफसरों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने की मांग कर रहे थे। इसी बीच बाबूगंज सगरा के मौनी बाबा भी पहुंच गए। मौनी बाबा व अफसरों ने किसी तरह लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत करा दिया। पुलिस ने आरोपी रिजवान को दबोच लिया।