सरेनी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव गायब कर देने का मामला प्रकाश में आया है। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को पुलिस ने तीन मिठाई दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पत्नी का आरोप है कि थाने में तहरीर दी थी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी।
इस पर कोर्ट की शरण ली। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। सरेनी थाना क्षेत्र के कोड़रा गांव की रहने वाली साधना पुत्री जयशंकर गुप्ता ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 24 अप्रैल 2016 को दौलतपुर गांव के तीन लोगों ने घर पर धावा बोल दिया।
उसे बंधक बना लिया, जबकि उसके पति संतोष गुप्ता की हत्या करके शव को गायब कर दिया। वारदात के बाद थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थानेदार अरुण सिंह का कहना है कि संतोष गुप्ता की स्वाभाविक मौत हुई थी।
फिलहाल कोर्ट के आदेश पर दौलतपुर गांव निवासी एवं मिठाई दुकानदार सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, राकेश कुमार के खिलाफ हत्या करके शव गायब कर देने की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।