डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात दो सगे भाइयों ने एक युवती को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर बेहोश कर दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उसकी पिटाई क्यों की गई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
बैसरवा डंगरी गांव की रहने वाली पिंकी पुत्री लक्ष्मण पर रात 8:30 बजे गांव के ही दो सगे भाइयों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से पिंकी की इस कदर पिटाई कि वह बेहोश हो गई। यूपी डायल 100 पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया।
यूपी डायल के जिला प्रभारी शैलेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि अभी तक युवती को होश नहीं आया है। इससे घटना की बाबत कोई वजह सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में कार्रवाई होगी।
वहीं सदर कोतवाली क्षेत्र के शांती नगर में युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। एक पक्ष की तरफ से हवाई फायरिंग की गई। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह के मुताबिक शांती नगर में विवेक सिंह और मंजीत सिंह के गुटों में कहासुनी हुई।
इस पर मंजीत समेत अन्य युवकों ने मारपीट की और हवाई फायरिंग की। उन्होंने बताया कि विवेक सिंह की तहरीर पर मंजीत सिंह. मो. सैफ, मो. आमिर और आठ-दस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में मंजीत सिंह व मो. सैफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है।