रायबरेली में मंगलवार काे भिड़े राोडवेज बस चालक।
- फोटो : अमर उजाला
बस स्टेशन परिसर में मंगलवार को सवारियां बैठाने को लेकर दो डिपो के चालकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और हंगामा हुआ। विवाद होता देख यात्रियों में भगदड़ मच गई। एक चालक रायबरेली तो दूसरा प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा डिपो का था।
खास बात ये थी कि स्टेशन परिसर से चंद कदम दूरी पर सदर कोतवाली है, लेकिन पुलिस को इस विवाद की जानकारी तक नहीं हो सकी। हालांकि बाद में डिपो के अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हो गया।
जानकारी के मुताबिक डिपो परिसर में मंगलवार को प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा डिपो के चालक विजय सिंह बस पर सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान रायबरेली डिपो में तैनात चालक गया प्रसाद से सवारियां पहले बसों पर बैठाने को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। इसी बीच रायबरेली डिपो के चालक की तरफ से अन्य लोग भी आ गए। इस पर विवाद बढ़ गया। दोनों चालकों में मारपीट शुरू हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। दोनों चालकों के बीच हुई मारपीट से वहां पर मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
रायबरेली डिपो के चालकों ने साथी के साथ हुई पिटाई से गुस्सा होकर स्टेशन परिसर हंगामा भी किया। स्टेशन परिसर पर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। चंद कदम दूरी पर सदर कोतवाली है। बावजूद इस विवाद की जानकारी पुलिस को नहीं हो सकी।
सूचना पर स्टेशन अधीक्षक अशोक त्रिपाठी ने मामला शांत कराया। अधीक्षक का कहना है कि दोनों चालकों के बीच विवाद हुआ था, जिसे शांत करा दिया गया। इसके बाद लालगंज अझारा डिपो का चालक बस लेकर चला गया।
वहीं सदर कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय का कहना है कि बस स्टेशन परिसर में चालकों के बीच हुए विवाद की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर मिलेगी तो मामले में रिपोर्ट दर्ज करके उचित कार्रवाई की जाएगी।