पुलिस लाइंस में हेड मोहर्रिर पर रायफल तानने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, इस मामले में लापरवाही पर एसपी ने न सिर्फ प्रतिसार निरीक्षक को तलब किया, बल्कि उसे जमकर फटकार भी लगाई।
गौरतलब है कि गुरुवार की रात पुलिस लाइंस में हेड मोहर्रिर विनय कुमार मिश्रा ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान सिपाही धर्मेश समीर नशे में धुत होकर वहां पहुंचा। उसने हेड मोहिर्रर पर रायफल तान दी।
हेड मोहिर्रर ने इसका विरोध किया तो सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं, उसके साथ गालीगलौज भी की। इसी के साथ सिपाही ने परिसर में जमकर हंगामा किया। अन्य पुलिस कर्मियों के साथ प्रतिसार निरीक्षक राजबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने सिपाही का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद आरआई मामले को दबाने में जुट गए। इसी के चलते घटना की जानकारी पुलिस कप्तान तक को नहीं दी गई। यह प्रकरण पूरे दिन पुलिस लाइंस में चर्चा का विषय बना रहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को एसपी विनय यादव ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। वहीं आरआई को तलब कर जमकर खरीखोटी सुनाई। एसपी ने बताया कि सिपाही धर्मेश समीर को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाह अफसरों और पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।