भदोखर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तमंचे के बल पर बाइक सवार चार बदमाशों ने दंपती से जेवरात और मोबाइल लूट लिया। वारदात उस समय हुई, जब दंपती कठगर गांव जा रहे थे। पुलिस ने नाकेबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश जेवरात, मोबाइल लेकर फरार हो गए।
पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। कठगर निवासी मनोज कुमार सिंह पूर्वाह्न करीब 11 बजे पत्नी अरुणा सिंह के साथ बाइक से जिला मुख्यालय से कठगर गांव जा रहे थे। रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर साड़बरा गांव के पास जैसे ही दोनों पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक किया।
इससे पहले दंपती कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने अरुणा सिंह की दो सोने की बाली, दो अंगूठी, सोने की एक चेन और मनोज कुमार का पर्स व मोबाइल छीन लिया। शोरगुल पर जब तक आसपास के लोग पहुंचते, बदमाश फरार हो गए।
वारदात की सूचना पर भदोखर थानेदार विमल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एक बाइक पंचर हो गई, जिस पर दो बदमाश पंचर बनवाने लगे। इसी बीच पुलिस पूछताछ करते हुए पहुंच गई और दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
वहीं दो बदमाश लूटे गए जेवरात और पर्स, मोबाइल लेकर फरार हो गए। करीब एक लाख रुपये की लूट हुई है। थानेदार का कहना है कि जल्द वारदात का खुलासा होगा।