डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गंगातट के पास उसका सिर और दोनों पैर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर सीओ व कोतवाल ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां पर फेंककर हत्यारे भाग गए। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुटी है।
जमालनगर मोहद्दीनपुर गांव के ग्रामीणों ने शनिवार सुबह गंगा के तट पर एक करीब 35 वर्षीय एक युवक का शव देखा। उसका सिर गायब था। साथ ही उसके दोनों पैर कटे थे। सिर्फ शरीर के गर्दन के नीचे व कमर के ऊपर का भाग बचा हुआ था, जो सड़ चुका था। शरीर में केवल पैंट और काले रंग की बेल्ट थी।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी डलमऊ विनीत सिंह और कोतवाल अशोक कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस का कहना है कि शव कई दिन पुराना लग रहा था। आशंका है कि हत्या करने के बाद शव को यहां पर फेंककर हत्यारे फरार हो गए। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
मौके पर जांच करने आए सीओ डलमऊ विनीत सिंह का कहना है कि शव कहीं दूर से बहकर आया है और यह कई दिन पुराना है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव की पहचान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।