जगतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की पत्थर से कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह उसका शव पाए जाने पर इलाके में सनसनी फैल गई। सिर और जबड़े पर कई वार किए गए थे।
घटनास्थल पर काफी खून बिखरा हुआ था। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। साथ ही जिस तरह हत्या की गई, उससे कई लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। शव की पहचान नहीं हो पाई है।
सुल्तानपुर जनौली गांव के बाहर सुनसान स्थान पर एक नीम के पेड़ के पास सुबह 30 वर्षीय एक युवक का शव नग्नावस्था में शव पाया गया। सूचना मिलने पर एसओ जगतपुर कमलेश पांडेय फोर्स के साथ पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल पर खून से सना एक पत्थर पड़ा था, जिससे कूंचकर युवक को मौत के घाट उतारा गया। पुलिस के मुताबिक, सिर और मुंह के जबड़े के पास पत्थर से करीब 10 वार किए गए।
इससे सिर और जबड़े का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यही नहीं युवक के गले में सोने की चेन और एक हाथ में सोने की अंगूठी भी थी, जिससे यह नहीं लगता कि हत्या लूट के इरादे से की गई।
मौके पर आसपास के कई गांव के लोगों का मजमा लग गया। उनसे शव की पहचान कराई गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी लड़की से मिलने आया था।
इसी दौरान उस पर हमला करके उसे मौत के घाट उतारा गया। पुलिस का मानना है कि युवक किसी पड़ोसी जिले का है, जिसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात की सूचना पर एसपी मोहित गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थानेदार से जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही। थानेदार का कहना है कि युवक की पत्थर से कूंचकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।