फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेकाबू जीप ने किशोर को रौंदा, मौत

Fri, 07 Oct 2016 11:54 PM IST
रायबरेली/ अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खाई में घुसी जीप। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेकाबू जीप ने किशोर को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किशोर को कुचलने के बाद जीप पशु चिकित्सालय की बाउंड्री से टकरा गई। इससे दीवार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन


घायल किशोर को लेकर परिवारीजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करने की बजाय शिवरतनगंज थाने की पुलिस दो घंटे तक सीमा विवाद में ही उलझी रही। काफी इंतजार के बाद सीएचसी पहुंची पुलिस ने लिखापढ़ी की।

इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के शोभा सलेमपुर का रहने वाला सौरभ (12) शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के चिलौली गांव अपनी ननिहाल गया था। बताते हैं कि दोपहर में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर सड़क के किनारे पैदल कहीं जा रहा था।
विज्ञापन


इसी दौरान लखनऊ की ओर से आई तेज रफ्तार जीप ने उसे कुचल दिया और फिर पशु चिकित्सालय की बाउंड्री से टकरा गई। हादसे के बाद चालक जीप छोड़ कर फरार हो गया। ग्रामीणों और परिवारीजनों ने किशोर को सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। थाने की पुलिस घटना स्थल को इन्हौना चौकी क्षेत्र में बता रही थी, वहीं इन्हौंना चौकी पुलिस घटनास्थल को थाने के क्षेत्र में होने की बात कह रही थी।

करीब दो घंटे तक परिवारीजन सीएचसी में पुलिस का इंतजार करते रहे। काफी देर बाद चौकी इंचार्ज बाढ़ू यादव पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के इस रवैये से लोगों में नाराजगी है। चौकी इंचार्ज का कहना है कि जीप चालक मौके से फरार हो गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।  

सौरभ हरचंदपुर में एक विद्यालय में कक्षा-सात का छात्र था। पिता जगदीश और मां ललिता देवी का वह इकलौता बेटा था। वह अपने पिता के साथ ननिहाल आया था। हादसे की सूचना पर जगदीश मौके पर पहुंचा तो बेटे को खून से लथपथ देख वह बेहोश हो गया।
सीएचसी में जब डॉक्टर ने उसकी मौत की सूचना दी तो वह बिलखकर रो पड़ा। वहीं ललिता का भी रो रोकर हाल बेहाल है। घर ही नहीं, बल्कि ननिहाल में भी मातम का माहौल है।

वहीं अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी घटनाएं लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हुईं। कुछ घायलों का सीएचसी में इलाज हुआ तो कुछ ने निजी चिकित्सक से उपचार कराया।

हाईवे पर हजारीगंज गांव के निकट रोडवेज बस ने बाइक सवार बाराबंकी जिले सरायं नजर निवासी शाहिद अली और छेदी का पुरवा निवासी एजाज को टक्कर मार दी। वहीं बाराबंकी जिले के ही पखरपुर निवासी विवेक मिश्रा बेकरी के सामान की सप्लाई कर वापस जा रहा था।

सरैइया सलारपुर के निकट ट्रैक्टर से टकरा गया। कांधी त्रिलोकपुर निवासी बबलू अपने साथी के साथ बाइक से इन्हौंना जा रहा था, तभी चिलौली के निकट मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। इसी तरह बाइक सवार पूरेगोसाई निवासी औसान यादव को हाईवे पर जीप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।

उधर, कोतवाली क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर जीप की टक्कर से साइकिल से जा रहे पति-पत्नी घायल हो गए। पति की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि पत्नी को भर्ती कर लिया। डीहा नरई मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी प्रेमशंकर (40) अपनी पत्नी को लेकर कस्बा महराजगंज आया था। यहां से वे वापस जा रहे थे। तभी नवोदय चौराहे के पास जीप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें