रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस व स्वॉट टीम ने शहर के बेलीगंज में सट्टेबाजों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ये लोग आईपीएल मैच के दौरान हार-जीत के नाम पर लाखों रुपये का सट्टा लगवाते थे। पुलिस ने छापा मारकर मौके से तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 12 आरोपी मौके से भाग निकले। सटोरियों के पास से 11.41 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बेलीगंज में जसप्रीत सिंह उर्फ गोलू सरदार के घर पर सट्टा का कारोबार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर सदर कोतवाल अतुल सिंह व स्वॉट टीम प्रभारी जेपी यादव ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा।
इस दौरान घर के अंदर आईपीएल मैच का लाइव प्रसारण चल रहा था। साथ ही फोन पर दस हजार रुपये व 20 हजार का सट्टा लगाने की आवाजें आ रहीं थीं। एसपी ने बताया कि टीम ने अंदर घुसकर तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि 12 सटोरिये मौके से भाग निकले।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहर के अहियारायपुर निवासी सादिक, सत्य नगर निवासी रमेश चंद्र गुप्ता और अमृत नगर गांधी धर्मशाला निवासी राहुल साहू के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में मौके से भागे आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। इनमें बेलीगंज निवासी गोलू सरदार, छोटी बाजार निवासी पप्पू चिकना, राजू सोनार, राना नगर निवासी सिंपल सिंह, सर्वोदय नगर निवासी पवन बक्सा, प्रगतिपुरम कॉलोनी निवासी करनलाल, सत्य नगर निवासी गोलू लाला, इंदिरा गार्डेन निवासी सोनू सिंह, प्रभुटाउन निवासी छोटे उर्फ रामजी मिश्रा, स्टेशन रोड निवासी राहुल अग्निहोत्री, अमृत नगर निवासी आशीष साहू व अमरनाथ शामिल हैं।
इन सभी की तलाश की जा रही है। पकड़े गए सटोरियों के पास से 11.41 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सट्टा लिखे जाने की पर्ची व तीन मोबाइल भी मिले हैं। एसपी ने बताया कि इन लोगों के यहां कौन-कौन लोग आते थे। इसका भी पता लगाया जा रहा है।
हारजीत, चौके-छक्के पर लगाते थे सट्टा
एसपी ने बताया कि पकड़े गए सटोरिये सादिक ने पूछताछ में बताया है कि आईपीएल मैच में हार-जीत, चौके-छक्के और विकेट आदि पर सट्टा खिलवाते हैं। जीतने वालों से मुनाफे के तौर पर कमीशन लेते हैं।
ये हैं मुख्य सटोरिये
एसपी के मुताबिक पूछताछ में सादिक ने बताया कि जसप्रीत उर्फ गोलू सरदार, पप्पू चिकना व राजू सोनार समेत फरार 12 लोग मुख्य सटोरिये हैं। ये लोग सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। जब से आईपीएल शुरू हुआ, तब से यहां लाखों रुपये का सट्टा लग चुका है। यह सटोरिये काफी दिनों से शहर में सक्रिय हैं।
सट्टा खिलाकर अमरनाथ ने खरीद ली 26 लाख रुपये की कार
सदर कोतवाल अतुल सिंह का कहना है कि आईपीएल में सट्टा खिलाने के नाम पर ये लोग इस कदर रुपये कमा रहे थे कि इसी आईपीएल में रुपये जीतकर अमरनाथ ने 26 लाख रुपये कीमत की एक एसयूवी खरीद ली थी। पकड़े गए सटोरियों ने बताया कि अमरनाथ ने अभी हाल में ही एक कार खरीदी। इसके अलावा ये दोनों पत्ता का व्यवसाय करते हैं।
धोनी की टीम मैच हारी तो 50 लाख का हुआ नुकसान
कोतवाल ने बताया कि इधर, महेंद्र सिंह धोनी और अन्य टीम के बीच आईपीएल का मैच हुआ था। चूंकि धोनी की टीम की जीत में सभी सट्टा लगाते थे। इस बार 50 लाख रुपये का सट्टा धोनी की टीम पर लगाया गया था। बावजूद इसके उलटफेर हो गया और धोनी की टीम मैच हार गई। इस पर सटोरियों को नुकसान भी हुआ। इससे यह सब परेशान थे।
बाइक से रुपये पहुंचाते थे सटोरिये
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के चलते 50 हजार से ज्यादा रुपये ले जाने पर मनाही है। इसके बावजूद ये सटोरिये दो लाख या फिर पांच लाख रुपये लेकर चलते थे। एसपी का कहना है कि सटोरियों को पता था कि पुलिस चार पहिया वाहन की चेकिंग ज्यादा करती थी। इसलिए ये सब बाइक से रुपये लाने और ले जाने का काम करते थे।