रायबरेली/लालगंज। लालगंज पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार रात छापा मारकर लोन नदी स्थित एक जंगल में चल रही अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने मौके से छह बदमाशों को दबोचा।
इनके पास से पुलिस ने 22 हजार रुपये के अलावा अर्द्धनिर्मित और निर्मित असलहे समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस की मानें तो पकड़े गए आरोपी तैयार असलहों को रायबरेली के अलावा आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लालगंज क्षेत्र के लोन नदी के किनारे जंगल में अवैध शस्त्र फैक्टरी चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह, स्वाट टीम प्रभारी जेपी यादव ने टीम के साथ छापा मारकर पांच तस्करों को दबोच लिया।
इनकी पहचान लालगंज कस्बे के बृजेंद्र नगर निवासी अजय सिंह राठौर, नई बाजार निवासी अनुज त्रिवेदी, चिमनामऊ निवासी प्रवीण कुमार यादव, घोसियाना निवासी मो. आलम, सोनू शुक्ला और फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के योहन गांव निवासी राम प्रताप उर्फ लल्लू विश्वकर्मा के रूप में हुई है। जिस समय छापा मारा गया, यहां अवैध शस्त्र बनाए जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से दो तमंचा, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे, एक ड्रिल मशीन समेत शस्त्र बनाने के कई उपकरण बरामद हुए हैं। एसपी का कहना है कि इन तस्करों के पास से 22,600 रुपये भी मिले हैं।
पूछताछ में पता चला है कि बदमाश रायबरेली के अलावा जनपदों में असलहे बेचते थे। पकड़े गए बदमाशों में से आरोपी सोनू शुक्ला के खिलाफ चार, मो. आलम के खिलाफ चार, राम प्रताप के खिलाफ नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।