डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ न सिर्फ गैंगरेप किया गया, बल्कि विरोध करने पर उसकी बेटी को धमकाया गया। यह घटना उस समय हुई, जब महिला बेटी के साथ कोतवाली से घर लौट रही थी।
बेटी के साथ मारपीट की तहरीर पर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे कोतवाली बुलाया था। शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की।
सोमवार को पीड़िता एएसपी से मिली और मामले की शिकायत की। एएसपी ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव की रहने वाली एक महिला ने एएसपी को दिए पत्र में बताया कि 28 जनवरी को गांव के ही कुछ लोगों ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की थी।
इसकी शिकायत उसने कोतवाली में की थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे 13 फरवरी को कोतवाली बुलाया था। पूछताछ के बाद बेटी के साथ घर लौट रही थी, तभी मथना नाले के पास चार लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
विरोध करने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी। घटना के दूसरे दिन घटना की तहरीर कोतवाली में दी, लेकिन पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की।
एएसपी राममूरत यादव का कहना है कि डलमऊ पुलिस से मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
उधर मिल एरिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुराचार किया गया। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर दी है कि रविवार को गांव का ही एक युवक ने उसके साथ दुराचार किया है। एसओ अशोक सिंह ने बताया कि गांव के ही रामलखन मौर्य के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।