रायबरेली। कई बार निर्देश देने के बाद भी पांच दिन में भी प्रशिक्षण में शामिल न होने पर प्रधानाध्यापक समेत तीन मतदान कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए गए हैं। मामले में लीड बैंक मैनेजर और खंड शिक्षा अधिकारी शिवगढ़ को रिपोर्ट दर्ज कराकर जवाब देने के आदेश दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव में मतदान कराने के लिए फिरोज गांधी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी सभागार में बुधवार को पांचवें दिन प्रशिक्षण हुआ। अब तक तीन कर्मचारी कई बार निर्देश देने के बाद भी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए।
यूको बैंक सलोन के सहायक प्रबंधक आरपी चौधी को लगातार प्रशिक्षण में हाजिर होने के आदेश दिए गए, लेकिन वे प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। लीड बैंक मैनेजर को केस दर्ज कराकर जवाब देने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा शिवगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल बहुदाखुर्द के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार वर्मा और बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अरखा के कर्मचारी अमित कटियार भी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए।
इन कर्मचारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। बुधवार को प्रशिक्षण में सीडीओ राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। पूरी जानकारी होने पर मतदान कराने में किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी व प्रथम मतदान अधिकारी अच्छे तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। यदि कोई बात समझ में न आए तो उसके बारे में दोबारा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बूथों पर जाने से पहले पीठासीन अधिकारी यह देख ले कि निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली विभिन्न निर्वाचन सामग्री उन्हें प्राप्त हो गई है या नहीं। यदि कुछ सामग्री नहीं मिली है, तो उसे काउंटर से प्राप्त कर लें।